Type Here to Get Search Results !

भगवान के सामने निष्काम भक्ति करें, सकाम भक्ति कर याचना नहीं करें। मुनि श्रमण सागरजी

 भगवान के सामने निष्काम भक्ति करें, सकाम भक्ति कर याचना नहीं करें। मुनि श्रमण सागरजी 

गत दिवस चतुर्मास उपरांत राघौगढ़ से विहार हुआ। 


राघौगढ़ 10 नवंबर। आचार्य गुरुवर विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य, प्रवचन वाचस्पति, औजस्वी वक्ता,बुंदेली महाकवि मुनि श्रमण सागर जी ने मंगलवार को साडा कॉलोनी राघौगढ़ स्थित श्री बासु पूज्य जैन मंदिर के सभागार में मंगल प्रवचन करते हुए प्रार्थना एवं याचना का विस्तार से उल्लेख किया। आपने कहा भगवान की मूर्ति के समक्ष पूजन अभिषेक शांति धारा निष्काम भाव से करें। सांसारिक बंधनों से मुक्त होकर मोक्ष मार्ग की ओर बढ़ने की प्रार्थना करें। भगवान के सामने याचक न बने। मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने उदाहरण देते हुए बताया एक बार भारत के राष्ट्रपति एक जेल में पहुंचे। जेल में चयनित कर चार कैदियों से उनकी समस्याएं पूछी। पहले कैदी ने कहा नल की टोटी ठीक नहीं है, दूसरे ने कहा भोजन ठीक नहीं है, तीसरे ने कहा की जेल में मच्छर बहुत हैं। चौथे कैदी ने कहा मैं बेकसूर हूं मेरे प्रकरण की पुनः समीक्षा कर कर मुझे न्याय दिलवाएं। राष्ट्रपति जी से अनुरोध किया गया था। चारों की मांगे पूरी हो गई। जिसने जेल से रिहाई मांगी थी उसने सही मांग रखी। वह जेल से छूट कर घर पहुंचा उसके घर में नल की टोटी भी ठीक थी। भोजन भी मनपसंद था‌। मच्छर भी नहीं थे।इस उदाहरण से  हमें यह सीख मिलती है कि जो जिस योग्य है उससे  वही मांग करना चाहिए। आज के आम आदमी की स्थिति यह है कि मंदिर पहुंचकर भगवान की पूजा अभिषेक करते हैं और उनसे लौकिक समस्याओं से राहत पाने की याचना करते हैं। अपने महाभारत कालीन उदाहरण देते हुए कहा श्री कृष्ण के मित्र सुदामा अत्यंत गरीब थे। उनकी पत्नी के बार-बार कहने पर एक बार श्री कृष्ण जी से मिलने पहुंचे। श्री कृष्ण जी ने उनको गले लगाया और उनसे बार-बार पूछा कि मैं आपकी क्या मदद कर सकता हूं। सुदामा स्वाभिमानी थे उन्होंने कुछ नहीं मांगा। जब सुदामा विदाई लेने लगे तो श्री कृष्ण को लगा कि मेरा मित्र दरिद है, स्वाभिमानी है।  यह मेरे से कुछ मांग नहीं रहा मुझे इसकी मदद करना चाहिए। श्री कृष्ण ने सुदामा के घर पहुंचने के पहले घर की हालत सुधारवा दी घर पक्का बनवा दिया और सब सुविधा उपलब्ध करा दी। कहावत भी है बिन मांगे मोती मिले मांगे मिले न भीख। आपने कहा भगवान से अगर मांगना ही है तो यह यह प्रार्थना करें हे भगवान मुझे इन सांसारिक बंधनों से मुक्ति मिले। महाराज जी ने प्रवचन के अंत में अपनी लोकप्रिय बुन्देली कविता सुनायी।जे दियना से हम मुनि बने हैं उही देना से मस्त हैं।

                       उल्लेखनीय है कि नवाचार्य समय सागर जी महाराज की अनुकंपा से मुनि श्रमण सागर जी एवं मुनि ओंकार सागर जी महाराज का 114 दिन चातुर्मास काल में प्रवास धर्म नगरी राघौगढ़ नगर में रहा। गत दिवस विधि विधान से चातुर्मास संकल्प का निष्ठापन कर दोनों मुनि राजों ने राघौगढ़ से साडा कॉलोनी के लिए विहार किया। जैन समाज राघौगढ़ के श्रद्धालुओं ने नम आंखों से दोनों मुनि राजों को भावभीनी विदाई दी। चातुर्मास के दौरान 4 महीने तक राघौगढ़ नगर में धर्म की अपूर्व गंगा वही। ‌

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.