Guna
पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना के अंतर्गत विकासखण्ड बमोरी के सहरिया वर्ग के 20 हितग्राहियों को एक-एक मुर्रा भैंस प्रदान की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं विशेष रूप से सहरिया समुदाय की आजीविका को सुदृढ़ करना तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बमोरी विधायक श्री ऋषि अग्रवाल उपस्थित रहे। उनके साथ जिला पंचायत सदस्य श्री संतोष धाकड़, हरिपुर सरपंच श्री कल्याण सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और हितग्राहियों को योजना का लाभ मिलने पर शुभकामनाएँ दीं।
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग गुना डॉ. समर सिंह राठौर ने बताया कि योजना के तहत वितरित की गई भैंसों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया। भैंसों का तीन समय दुग्ध मापन कराया गया, जिसमें प्रतिदिन 8 लीटर या उससे अधिक दूध देने वाली भैंसों को कलेक्टर द्वारा गठित चयन समिति ने अंतिम रूप से चयनित किया।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान डॉ. उमेश रघुवंशी, डॉ. राघवेन्द्र नरवरिया, डॉ. हरवीर धाकरे तथा डॉ. आशीष सोनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. महेन्द्र सिंह सैमिल द्वारा किया गया।
