गुना
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी ट्रैफिक श्री मुकेश कुमार दीक्षित के सतत पर्यवेक्षण में टीआई ट्रैफिक श्री अजय प्रताप सिंह द्वारा ट्रैफिक अमले के साथ जज्जी बस स्टैंड पर बसों की विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान बसों के फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान 4 बसों के दस्तावेज अद्यतन नहीं पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत कुल ₹12,000 का चालान किया गया।
यह कार्यवाही दंडात्मक होने के साथ-साथ जिम्मेदारी का एहसास कराने के उद्देश्य से की गई, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही से दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
अभियान के दौरान बस संचालकों एवं चालकों को समझाइश दी गई कि वे अपने सभी दस्तावेज समय पर अद्यतन रखें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और ओवरलोडिंग से बचें। साथ ही वाहन की गति नियंत्रित रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि वाहन चालकों की जिम्मेदारी केवल वाहन संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। याद रखिए—आपकी सावधानी ही किसी परिवार की मुस्कान बचा सकती है।
