Type Here to Get Search Results !

सिंगवासा तालाब एवं गुनिया नदी का कलेक्टर ने किया विस्तृत निरीक्षण


गहरीकरण, चौड़ीकरण एवं अतिक्रमण हटाने पर दिया विशेष जोर

गुना 

जिले में जल संरक्षण को सुदृढ़ करने एवं वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा सिंगवासा तालाब एवं गुनिया नदी मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सिंगवासा तालाब के गहरीकरण एवं चौड़ीकरण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया।

निरीक्षण की शुरुआत सिंगवासा स्थित स्मृति वन के गोकुल कुंड से की गई।  यहां से कलेक्टर ने लगभग 5.2 किलोमीटर लंबी गुनिया नदी के प्रवाह मार्ग का पैदल भ्रमण कर विभिन्न स्थलों का सूक्ष्म अवलोकन किया। इस दौरान नदी के प्रवाह, मार्ग में अवरोध एवं जल निकासी व्यवस्था का गहन परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक प्रेरणादायक दृश्य भी सामने आया, जब कक्षा पांचवीं की एक बालिका पूरे मार्ग में टीम के साथ उत्साहपूर्वक शामिल रही और नदी की स्थिति को समझने का प्रयास करती रही।

कलेक्टर ने नदी किनारे स्थित विभिन्न कुओं एवं अन्य जल स्रोतों का निरीक्षण किया तथा आसपास के क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव प्राप्त किए। तकनीकी दलों से भी विस्तृत जानकारी ली गई। दल द्वारा अवगत कराया गया कि जलकुंभी एवं अन्य अवांछित जलीय वनस्पतियों को हटाने हेतु विशेष रसायनों का उपयोग किया जाता है, जिसके लिए आवश्यकता अनुसार बाहरी एजेंसियों की सेवाएं ली जाती हैं। निरीक्षण के दौरान उन चिन्हित मकानों एवं भवनों को भी देखा जो हाई फ्लड लेवल (HFL) क्षेत्र में स्थित हैं तथा भविष्य में जलभराव की स्थिति उत्पन्न कर सकते हैं।

कलेक्टर श्री कन्याल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गुनिया नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बाधित करने वाले अतिक्रमणों को प्राथमिकता से हटाया जाए, जिससे वर्षा के दौरान जल का सुचारू निकास सुनिश्चित हो सके और बाढ़/ जलभराव जैसी स्थितियों से प्रभावी रूप से निपटा जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नदी की साफ-सफाई, जलकुंभी निष्कासन एवं अतिक्रमण हटाने हेतु समग्र कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र अमल में लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडे सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.