Type Here to Get Search Results !

मधुसूदनगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उकावद में बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के संचालित क्लीनिकों के विरुद्ध छापामार कार्रवाई

 


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देशानुसार एवं अनुविभागीय अधिकारी राघौगढ़ श्री अमित सोनी के नेतृत्‍व में आज मधुसूदनगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उकावद में बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के संचालित क्लीनिकों के विरुद्ध छापामार कार्रवाई की गई।

उक्त कार्रवाई क्षेत्र में प्राप्त हो रही सतत शिकायतों तथा समाचार-पत्रों में प्रकाशित खबरों को संज्ञान में लेते हुए की गई। कार्यवाही के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राघौगढ़ के साथ तहसीलदार मकसूदनगढ़ एवं खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) राघौगढ़ सहित स्वास्थ्य, राजस्व एवं पुलिस विभाग का संयुक्त दल उपस्थित रहा।

निरीक्षण के दौरान ग्राम उकावद में संचालित चार क्लीनिकों चिरौजीलाल बंजारा, दीपेश नामदेव, भारत सिंह मीणा एवं राजू नायक के संचालकों से चिकित्सकीय योग्यता संबंधी वैध डिग्री एवं पंजीयन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने हेतु कहा गया, किन्तु वे कोई भी प्रमाणित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया क्लीनिकों का संचालन अवैध पाए जाने पर संबंधित क्लीनिकों को तत्काल प्रभाव से सीलबंद किया गया तथा मौके पर उपलब्ध दवाइयों एवं उपकरणों को जप्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस के सुपुर्द किया गया।

कार्रवाई के दौरान अन्य अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बिना वैध पंजीयन एवं चिकित्सकीय योग्यता के चिकित्सा कार्य करना दण्डनीय अपराध है। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सतत अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.