पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने जनसुनवाई में आवेदकों को समक्ष में गंभीरता से सुना
जन समस्याओं के समयबद्ध समाधान हेतु अधिकारियों को दिए स्पष्ट दिशा निर्देश
आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में आज दिनांक 10 मार्च 2026 (मंगलवार) को पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभागृह में जनसुनवाई का आयोजन किया गया ।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न अंचलों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं आवेदन पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के समक्ष प्रस्तुत किए । श्री सोनी ने प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता, धैर्य एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके प्रकरणों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत निराकरण हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए ।
पुलिस अधीक्षक श्री सोनी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है । जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों को त्वरित न्याय, राहत एवं विश्वास प्रदान करना है, ताकि पुलिस एवं जनता के बीच संबंध और अधिक सुदृढ हो सकें ।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर अपराध, लंबित विवेचनाएं तथा पुलिस कार्यवाही से संबंधित अनेक प्रकरण सामने आए । कुछ मामलों में पुलिस अधीक्षक द्वारा मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए, वहीं अन्य मामलों में संबंधित थाना प्रभारी एवं अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी ने कहा कि गुना पुलिस जनता की सेवा, सुरक्षा एवं विश्वास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है । आम नागरिक बिना किसी भय के अपनी समस्या पुलिस के समक्ष रख सकते हैं । साथ ही अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए तथा फरियादियों को की गई कार्यवाही से अवगत कराया जाए ।
जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय श्री जमील उद्दीन सिद्दिकी, एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठना, एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे, एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा, डीएसपी श्री आनंद कुमार राय, केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, म्याना थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह सिकरवार, अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. आर्य, धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रभात कटारे, आरोन थाना इंचार्ज उपनिरीक्षक पंकज कुशवाह, उमरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रचना खत्री, उपनिरीक्षक चंचल तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।
गुना पुलिस द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जा रही जनसुनवाई आम नागरिकों एवं पुलिस के मध्य विश्वास, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल साबित हो रही है ।
