Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक संपन्न, अधिकारियों को दिये आवश्‍यक दिशा निर्देश


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।


फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने के निर्देश

बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री कन्याल ने फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री होगी, उन्हें ही खाद उपलब्ध हो सकेगी। इसलिए इस कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करते हुए अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।


पंचायतों में नवाचारों को जारी रखने पर जोर

कलेक्टर श्री कन्याल ने जिले में जिज्‍जी की पंचायत में किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि जनहित में किए जा रहे अच्छे कार्य निरंतर जारी रहने चाहिए। अधिकारी चाहे कोई भी रहे पर नवाचार और बेहतर व्यवस्थाएं बंद नहीं होनी चाहिए।


पेयजल व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जो जल परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं उन्हें शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। साथ ही सभी हैंडपंपों की जांच कराई जाए और जो हैंडपंप मरम्मत योग्य हैं उन्हें तत्काल सुधारने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि जिले में पेयजल संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।


गर्मी को देखते हुए फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर श्री कन्याल ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए संभावित अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


सीएम हेल्पलाइन में 90 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को 90 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित कर प्रतिदिन कार्य किया जाए, जिससे समय-सीमा में शिकायतों का संतोषजनक निराकरण हो सके।


मकान नंबरिंग कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी

बैठक में जनगणना के अंतर्गत जिले में चल रहे मकान नंबरिंग कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीएम नियमित रूप से इसकी समीक्षा करें और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य सुनिश्चित करें।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से फील्ड का दौरा करें, अपने कार्यों के स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें समय-सीमा से पूर्व पूर्ण करने का प्रयास करें।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.