Type Here to Get Search Results !

अवकाश दिवसों में भी खुले रहेंगे पंजीयन कार्यालय, आमजन को मिलेगी सुविधा


गुना 

मध्यप्रदेश शासन, मुद्रांक एवं पंजीयन विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी गुना श्री किशोर कुमार कन्याल के मार्गदर्शन में आम जनता को विभिन्न प्रकार के दस्तावेजों की रजिस्ट्री के लिये विशेष सुविधा प्रदान करते हुये अवकाश दिवसों में भी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिनों में आमजन को अतिरिक्त सुविधा देने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इससे विशेष रूप से शासकीय कर्मचारी, अधिकारी एवं निजी क्षेत्र में कार्यरत नौकरीपेशा वर्ग को लाभ मिलेगा, जिन्हें अब रजिस्ट्री कार्य हेतु अलग से अवकाश लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वे अपनी सुविधा अनुसार अवकाश के दिनों में भी पंजीयन कार्य संपादित करा सकेंगे।

शासन के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय गुना स्थित पंजीयन कार्यालय सहित सभी तहसील स्तर के पंजीयन कार्यालय भी अवकाश दिवसों में संचालित रहेंगे। इनमें रामनवमी, गुरु पूर्णिमा जैसे प्रमुख अवकाश दिवसों के साथ-साथ प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को भी कार्यालय खुले रहेंगे। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे कार्यालय समय में पूर्व स्लॉट बुकिंग कराकर ही अपने दस्तावेजों की रजिस्ट्री कराएं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यह सुविधा इस दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, कि आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में जमीन एवं अन्य अचल संपत्तियों की कलेक्टर गाइडलाइन दरों में संभावित वृद्धि के कारण संपत्ति की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। इससे स्टाम्प शुल्क एवं पंजीयन शुल्क भी बढ़ेगा। ऐसे में मार्च 2026 तक रजिस्ट्री कराने वाले नागरिक अतिरिक्त आर्थिक भार से बच सकेंगे।

प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस विशेष सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और भीड़ से बचते हुए सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण में अपने दस्तावेजों का पंजीयन कार्य पूर्ण कराएं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.