पुलिस ने युवक के साथ की मारपीट राघौगढ़ में बवाल: सोशल मीडिया पोस्ट, विवाद फिर हंगामा
राघौगढ़ के वार्ड क्रमांक 07, माली मोहल्ला निवासी कैलाश सैनी ने थाना प्रभारी को एक लिखित आवेदन सौंपते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
आवेदन के अनुसार, 28 मार्च को दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे उनके पुत्र नीरज सैनी को कुछ पुलिसकर्मी अपने साथ थाने ले गए। परिवार ने बताया की थाने ले जाने के बाद युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और युवक को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
वहीं, परिजनों का कहना है कि जब वे अपने बेटे की जानकारी लेने थाने पहुंचे, तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।
आवेदन में कुछ पुलिसकर्मियों के नामों का भी उल्लेख किया गया है, जिन पर मारपीट के आरोप लगाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में रामनवमी जुलूस के दौरान डीजे बंद कराने को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। इसी के बाद नीरज सैनी द्वारा सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली गई थी। आरोप है कि इसी पोस्ट के बाद पुलिसकर्मी उसे अपने साथ थाने ले गए और यहीं से पूरा मामला गरमा गया।
मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासन ने प्राथमिक कार्रवाई करते हुए दो आरक्षक—देवेंद्र नरूका और अजय सिकरवार—को लाइन अटैच कर दिया है।
साथ ही प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि आने वाली 2 तारीख से पहले ही इस पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवार ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
