HPV वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित एवं प्रभावी, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सशक्त माध्यम
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिले में महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सुरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि HPV वैक्सीन वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित, पूर्णतः सुरक्षित और प्रभावी है। विश्व स्तर पर लाखों बालिकाओं को यह टीका लगाया जा चुका है, जिससे सर्वाइकल कैंसर के जोखिम में उल्लेखनीय कमी आती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार HPV संक्रमण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है, किंतु समय पर लगाया गया HPV टीका इस संक्रमण से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। टीकाकरण के बाद कभी-कभी हल्का बुखार या इंजेक्शन स्थल पर हल्का दर्द हो सकता है, जो सामान्य प्रतिक्रिया है और अल्प समय में स्वतः ठीक हो जाती है।
जिले में HPV टीकाकरण हेतु कुल 16 वैक्सीन सेंटर स्थापित किए गए हैं, जिनमें जिला चिकित्सालय गुना, सीडी कैंट गुना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्याना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बजरंगगढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राघौगढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रूठियाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जामनेर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुसूदनगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बमोरी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीनागंज, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिर्गवास, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंभराज, सिविल अस्पताल आरोन एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ीहाट शामिल हैं।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों को विद्यालयों अथवा नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों में आयोजित टीकाकरण सत्रों में अवश्य भेजें। यह टीकाकरण पूर्णतः निःशुल्क है। साथ ही, विभाग ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि HPV टीकाकरण से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिक जानकारी हेतु नजदीकी स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा या एएनएम से संपर्क करें।
