जिले में एचपीवी टीकाकरण को मिली रफ्तार, 03 हजार से अधिक किशोरियाँ सुरक्षित
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिले में किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत अब तक जिले में 03 हजार से अधिक किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। जिले में कुल 14 हजार किशोरियों को टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से वर्तमान में लगभग 11 हजार किशोरियों को वैक्सीन लगाया जाना शेष है। एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल कैंसर) सहित अन्य गंभीर बीमारियों से बचाव में अत्यंत प्रभावी मानी जाती है। यह अभियान आगामी 02 माह तक जिले की शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक किशोरियां निःशुल्क इस महत्वपूर्ण टीकाकरण का लाभ प्राप्त कर सकें।
उल्लेखनीय है कि यही एचपीवी वैक्सीन वर्तमान में निजी स्वास्थ्य संस्थाओं में लगभग 3 से 4 हजार रुपये प्रति डोज की दर से लगाई जा रही है, जबकि शासकीय अभियान के अंतर्गत यह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। निर्धारित अवधि के पश्चात वैक्सीन निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर ही उपलब्ध होगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय रहते अपनी पात्र किशोरियों को शासकीय केंद्रों पर टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे बेटियों का भविष्य सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाया जा सके।
