सीमावर्ती गुना में तस्करी रोकने सभी विभागों को अलर्ट
गुना
मादक पदार्थों की रोकथाम और विभागीय समन्वय को मजबूत करने के लिए जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने साफ निर्देश दिए कि जिले में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी और उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण गुना में तस्करी की आशंका को देखते हुए कड़ी निगरानी और सतर्कता बरतने को कहा गया।
सामाजिक न्याय विभाग को नशामुक्ति के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग को गश्त बढ़ाकर अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने के लिए कहा गया। सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया।
बैठक में मादक पदार्थों से जुड़ी सूचनाओं के आदान-प्रदान, अफीम और भांग की अवैध खेती पर निगरानी, अंतरराज्यीय मामलों की जांच और स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आगामी बैठक में सभी विभाग अपनी कार्रवाई की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करें और स्पष्ट एजेंडा के साथ तैयारी करें। साथ ही एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के पालन, नशा मुक्ति केंद्रों के निरीक्षण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
