*सड़क सुरक्षा के प्रति गुना पुलिस की सख्त पहल*
यातायात पुलिस द्वारा की गई बसों की गहन जांच, नियम उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही, 16 वाहनों पर जुर्माना
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा आमजन को विभिन्न माध्यमों से यातायात नियमों के प्रति निरंतर जागरूक किया जा रहा है, इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध सख्त कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं डीएसपी ट्रैफिक श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह द्वारा अपने यातायात पुलिस बल के साथ आज शहर में एक व्यापक एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया ।
अभियान की शुरुआत आरोन बस स्टैंड से की गई, जहां यात्री बसों की सघन जांच करते हुए उनके समस्त वैध दस्तावेजों, फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों का गंभीरता से परीक्षण किया गया । विशेष रूप से बसों में उपलब्ध फायर एक्सटिंग्विशर एवं फर्स्ट एड मेडिकल किट की स्थिति का निरीक्षण किया गया, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके ।
निरीक्षण के दौरान दुर्गेश नंदिनी ट्रेवल्स, गुरूचरणम ट्रेवल्स, सिकरवार ट्रेवल्स, तिरुपति ट्रेवल्स सहित अन्य बसों की जांच की गई, जिसमें कई गंभीर खामियां पाई गईं जैसे फर्स्ट एड बॉक्स में आवश्यक दवाइयां अनुपस्थित या एक्सपायर पाई गईं, फायर एक्सटिंग्विशर अनुपयोगी अवस्था में मिले, जिनमें गैस समाप्त थी, कुछ वाहन चालक निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं पाए गए जो नियमों का उल्लंघन है, हालांकि सकारात्मक रूप से सभी बसों के दस्तावेज पूर्ण पाए गए एवं कोई भी बस 15 वर्ष से अधिक पुरानी नहीं थी जो नियमों के प्रति जागरूकता को दर्शाता है ।
अभियान के दूसरे चरण में जयस्तंभ चौराहा पर विशेष चेकिंग करते हुए दो पहिया वाहनों पर 3-4 सवारी बैठाकर चलने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई । इस दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 16 वाहनों पर कार्यवाही करते हुए कुल ₹24,000 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया ।
यह अभियान केवल नियम उल्लंघन पर चालानी कार्यवाही तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक सशक्त प्रयास है । गुना यातायात पुलिस द्वारा लगातार इस प्रकार के अभियान संचालित कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है ।
गुना यातायात पुलिस की नागरिकों से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें, दो पहिया वाहन पर निर्धारित संख्या में ही सवारी बैठाएं, वाहन में आवश्यक सुरक्षा उपकरण सदैव कार्यशील रखें, जिम्मेदार नागरिक बनकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें, आपकी एक छोटी सी सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है ।
।। गुना यातायात पुलिस आपकी सुरक्षा हेतु सदैव प्रतिबद्ध एवं तत्पर है ।।
