रविवार के दिन मैदान में कलेक्टर: "आपका शहर आपकी जिम्मेदारी" के साथ फेस 3 पूर्ण
गंदगी फैलाने वालों पर प्रशासन सख्त, वीडियो फोटो भेजने पर नागरिकों को मिलेगा प्रोत्साहन
अब दीर्घकालीन प्लान की ओर कदम: 30 अप्रैल को पेश होगी डीपीआर, रविवार से अभियान का अगला चरण शुरू
गुना। नदियों और जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सतत प्रयास जारी हैं। स्वच्छता एवं कायाकल्प अभियान के अंतर्गत गुनिया का तीसरा चरण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। आज रविवार के दिन सुबह कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने बड़ा पुल से लगभग डेढ़ किलोमीटर तक पैदल निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर सीमित स्तर के अतिक्रमण चिन्हित हुए, जिनके संबंध में वर्षा ऋतु से पूर्व आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, ताकि नदी के प्राकृतिक प्रवाह एवं मूल स्वरूप को बनाए रखा जा सके।
नदी किनारे कई स्थानों पर कचरे के ढेर पाए गए, जो स्वच्छता के लिए गंभीर चुनौती होने के साथ मानवजनित लापरवाही को भी उजागर करते हैं। इस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि नालों एवं नदी में कचरा डालना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, ऐसे मामलों की सूचना देने वाले जागरूक नागरिकों को प्रोत्साहित करने की भी व्यवस्था की गई है। आमजन से अपील की गई है कि कहीं भी कचरा फैलाते या डंप करते हुए व्यक्ति दिखाई दे तो उसका फोटो या वीडियो बनाकर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सकारात्मक पहल के तहत कुछ स्थानीय रहवासियों ने स्वयं आगे आकर कचरा हटाने और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने की सहमति भी दी है जो इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
आगामी कार्ययोजना के तहत 30 अप्रैल को गुनिया नदी परियोजना की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) का विभिन्न हितधारकों के समक्ष प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। इस डीपीआर के माध्यम से नदी के संरक्षण को एक व्यापक एवं दीर्घकालीन प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है। इसके साथ ही अगले रविवार से अभियान के चौथे चरण की शुरुआत प्रस्तावित है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि इस अभियान में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो इसकी सफलता का प्रमुख आधार है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि “आपका शहर, आपकी जिम्मेदारी” के भाव के साथ स्वच्छता में सहयोग करें, कचरा इधर-उधर न फेंकें और जल संरक्षण के महत्व को समझते हुए इस अभियान का हिस्सा बनें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अखिलेश कुमार जैन, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे, सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री, तहसीलदार श्री जी.एस. बैरवा सहित अन्य अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
