Type Here to Get Search Results !

चौपट नदी के टापू पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

 चौपट नदी के टापू पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई


जान जोखिम में डालकर ट्यूब के सहारे पहुंची टीम, 25 हजार रुपये की अवैध मदिरा एवं लाहन जब्त


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, संग्रहण, परिवहन एवं जहरीली शराब के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में श्री संदीप शर्मा, उपायुक्त आबकारी संभाग ग्वालियर के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई।

आबकारी वृत्त गुना-1 के प्रभारी श्री राधाकिशन अटारिया को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कॉलोनी बजरंगगढ़ स्थित बीस भुजा मंदिर के पीछे चौपट नदी के बीच बने एक टापू पर अवैध मदिरा का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम मौके पर पहुंची, जहां पाया गया कि टापू गहरे पानी के बीच स्थित होने के कारण वहां पहुंचना बेहद कठिन था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने नदी किनारे रखे हवा भरे ट्यूब का सहारा लिया और जान जोखिम में डालते हुए टापू तक पहुंची। जांच के दौरान टापू पर 16 ड्रमों में लगभग 300 किलोग्राम लाहन भरा हुआ मिला। इसके साथ ही नदी किनारे 5 केनों में लगभग 64 लीटर हाथ भट्टी मदिरा भी बरामद की गई।

लाहन को मौके से लाना संभव नहीं होने के कारण उसे वहीं नष्ट किया गया। पूछताछ एवं जांच में पता चला कि उक्त अवैध मदिरा एवं लाहन सोनू केवट पुत्र रमेश केवट निवासी कॉलोनी बजरंगगढ़ का है।

जब्त मदिरा एवं लाहन का अनुमानित मूल्य लगभग 25,000 रुपये आंका गया है। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

इस कार्रवाई में आबकारी आरक्षक गोविंद सिंह मीणा, अरुण कुमार शर्मा एवं महिला आरक्षक पूजा रघुवंशी की भूमिका सराहनीय रही। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध सतत सख्त कार्रवाई जारी है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.