अस्पताल परिसर में तंबाकू सेवन करने वालों पर लगाया जुर्माना
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय परिसर को स्वच्छ एवं तंबाकू-मुक्त बनाने के लिए निरंतर सख्त प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडे एवं श्रीमती आरती गौतम, नायब तहसीलदार (गुना शहरी) के विशेष सहयोग से अस्पताल परिसर में तंबाकू का सेवन करते पाए गए 13 व्यक्तियों पर कुल 2000/- रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। कार्रवाई के दौरान स्पष्ट संदेश दिया गया कि स्वास्थ्य संस्थानों में तंबाकू के लिए कोई स्थान नहीं है।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी श्रीमती विनीता सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत 05 माह में जिला चिकित्सालय परिसर में तंबाकू का सेवन करने वाले लगभग 600 व्यक्तियों पर लगभग 31 हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। वहीं तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करने के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। इसी अवधि में 286 लोगों ने टी.सी.सी. सेंटर से एन.आर.टी. प्राप्त की है तथा लगभग 1026 लोगों की प्रभावी काउंसलिंग की गई है।
आज की कार्यवाही में इमरती वर्मा, नमिता खादीकर, रेखा शर्मा, मुरारीलाल, आदिल खान, सादिक खान, मोनू जाटव एवं विवेक सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तमाम विरोधों के बावजूद तंबाकू-मुक्त जिला चिकित्सालय परिसर बनाने का यह अभियान पूरी सख्ती के साथ निरंतर जारी रहेगा।
