जिला जेलों में स्वास्थ्य का संबल, बंदियों के लिए विशेष मानसिक व नशा-मुक्ति स्वास्थ्य शिविर आयोजित
गुना
जिला चिकित्सालय गुना द्वारा जिला जेल गुना एवं सब जेल चांचौड़ा में बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उपस्थित रहकर अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर में डॉ. आर. एस. भाटी, डॉ. शोभरण राय, डॉ. अनुराग चौधरी एवं डॉ. आदित्य तैयबाडे सहित विशेषज्ञ दल ने भाग लिया। इस दौरान कुल 96 बंदियों का शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान मानसिक रोग एवं नशे की लत से पीड़ित बंदियों की पहचान की गई। मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. भाटी द्वारा 40 बंदियों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 20 बंदी नशे की लत से ग्रसित तथा 4 बंदी अवसाद (डिप्रेशन) से पीड़ित पाए गए।
डॉ. भाटी द्वारा बंदियों को परामर्श (काउंसलिंग) प्रदान करते हुए बताया गया कि नशे की अवस्था में गुस्सा, आवेग या बदले की भावना से किए गए अपराधों को दोहराने से बचना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बंदियों को नशे से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में पुनः सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मनोरोग नर्सिंग ऑफिसर श्री रवि सिंह यादव द्वारा बंदियों को राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित टेली-मानस टोल-फ्री नंबर 14416 की जानकारी दी गई, जिससे वे आवश्यकता पड़ने पर निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त कर सकें।
