मोबाइल कोर्ट के माध्यम से किया रास्ते के विवाद का समाधान
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार तहसील बमोरी अंतर्गत ग्राम पंचायत पांचौरा में आज मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम पांचौरा में शासकीय भूमि पर बने रास्ते को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद आपसी सहमति से सुलझाया गया।
जानकारी के अनुसार, आवेदक काशीराम धाकड़ द्वारा जनसुनवाई में शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि कुछ कृषकों द्वारा सर्वे क्रमांक 127 रकबा 0.314 (रास्ता) पर अवरोध कर दिया गया था, जिससे खेतों तक आवागमन में कठिनाई हो रही थी और विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
मोबाइल कोर्ट की कार्यवाही के दौरान संबंधित भूमि का सीमांकन किया गया तथा दोनों पक्षों की आपसी सहमति एवं राजीनामे के आधार पर विवाद का निराकरण किया गया। दोनों पक्षों ने अपना अतिक्रमण हटाकर रास्ता चौड़ा करने की सहमति दी। मौके पर पंचनामा भी तैयार किया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार बमोरी देवदत्त गोलिया, राजस्व निरीक्षक कालूराम मीना, पटवारी, ग्राम कोटवार सहित राजस्व अमला एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
