Type Here to Get Search Results !

रात्रि में थाना बमोरी का औचक निरीक्षण, गुना पुलिस अधीक्षक ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 रात्रि में थाना बमोरी का औचक निरीक्षण, गुना पुलिस अधीक्षक ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा



               अभिलेखों, लंबित प्रकरणों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

               गुना जिले में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा गत दिनांक 30 मार्च 2026 की रात्रि में थाना बमोरी का औचक निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए जमीनी स्तर पर कार्यप्रणाली की स्थिति का आकलन किया ।


               निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर, मालखाना, हवालात, रोजनामचा, गुंडा रजिस्टर, अपराध पंजी, सीसीटीव्ही, शस्त्रागार एवं अन्य अभिलेखों का परीक्षण किया गया । साथ ही लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने एवं कार्यप्रणाली में गुणवत्ता सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया ।


               उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए । महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्रवाई करने तथा लंबित मामलों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही रात्रिकालीन गश्त को सुदृढ़ बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत सक्रिय रहने को कहा गया ।


               पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी के दौरान अनुशासन, जिम्मेदारी एवं जनसामान्य के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि आमजन का विश्वास पुलिस की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है। इसे बनाए रखने के लिए पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सक्रियता आवश्यक है ।


               निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को शीघ्र सुधारने के निर्देश दिए गए, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना भी की गई ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.