पुलिस कंट्रोल रूम में जनसुनवाई आयोजित, समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
गुना में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में आज दिनांक 31 मार्च 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम सभागृह में जनसुनवाई आयोजित की गई । इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं ।
पुलिस अधीक्षक ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत निराकरण के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनसुनवाई का उद्देश्य शिकायत लेकर आए नागरिकों को त्वरित राहत व न्याय प्रदान करना है ।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर अपराध एवं लंबित प्रकरणों से जुड़े मामले सामने आए, जिनमें कुछ का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया ।
जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मान सिंह ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय श्री जमीलउद्दीन सिद्दिकी, एसडीओपी चाचौडा श्री मनोज कुमार झा, श्री डीएसपी आनंद राय सहित अन्य थाना प्रभारी उपस्थित रहे ।
