अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में बैठक आयोजित कर की विस्तृत समीक्षा
गुना
जिले में जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित बैठक में सीईओ जिला पंचायत गुना श्री अभिषक दुबे सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देशित करते हुए कहा वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को सहेजना और पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है, जिसे सभी विभाग गंभीरता से सुनिश्चित करें। इस अभियान के माध्यम से जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार से जुड़े विविध कार्य किए जा रहे हैं, जिससे जिले में जल संसाधनों के संरक्षण को नई दिशा मिल रही है।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत कूप रिचार्ज पिट, खेत तालाब, अमृत सरोवर, तालाब निर्माण, कंटूर ट्रेंच सहित विभिन्न संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही तालाबों, बावड़ियों और नदियों की साफ-सफाई तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्य भी प्राथमिकता से किए जा रहे हैं। पुरानी जल संरचनाओं को पुनर्जीवित कर उन्हें उपयोगी बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अमृत सरोवर, खेत तालाब और अन्य जल संरचनाओं में वर्षा जल संग्रहित होने से किसानों को सिंचाई, उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन जैसे कार्यों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि होगी।
कलेक्टर श्री कन्याल ने बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक महत्वपूर्ण दायित्व है, जिसमें सभी की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
