Type Here to Get Search Results !

बारात में हर्ष फायरिंग के मामले में गुना पुलिस की तत्पर कार्यवाही

 बारात में हर्ष फायरिंग के मामले में गुना पुलिस की तत्पर कार्यवाही



*मात्र 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, फायरिंग में प्रयुक्त बंदूक जप्त*


*कुम्भराज थाना क्षेत्र के ग्राम घाटाखेड़ी में राजगढ़ जिले से आई थी बारात*


*बारात के द्वार पर लगते समय किए हर्ष फायर से हुई थी युवक की मृत्यु*


         गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण तथा अपराधियों की धरपकड हेतु निरंतर सतर्क, सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मागदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में कुम्भराज थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज त्यागी और उनकी टीम द्वारा सराहनीय कार्यवाही करते हुए ग्राम घाटाखेड़ी में बारात के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के आरोपी को मात्र 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है ।


               उल्लेखनीय है कि दिनांक 21 अप्रैल 2026 को राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ीगिदौर से बारात कुंभराज थानांतर्गत ग्राम घाटाखेड़ी आई थी । इस दौरान लड़की पक्ष के द्वार पर कार्यक्रम के समय किसी बाराती द्वारा बंदूक से हर्ष फायर किया गया, जिसकी गोली ग्राम घाटाखेड़ी निवासी घनश्याम मीना (उम्र 30 वर्ष) को लगने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई । वहीं चंदन सिंह मीना निवासी कानाखेड़ी को भी गोली छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया ।


               घटना के संबंध में मृतक के भाई रामजीवन मीना द्वारा की गई रिपोर्ट पर कुंभराज थाने में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 59/26, धारा 105 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।


               प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए कुंभराज थाना पुलिस द्वारा आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु तत्काल प्रयास प्रारंभ किए गए । आरोपी की पहचान हेतु पुलिस द्वारा विभिन्न माध्यमों से जानकारी एकत्रित की गई और प्रत्यक्षदर्शियों से सतत पूछाताछ कर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई और जिसकी तलाश प्रारंभ की । जिसकी तलाश के क्रम में दिनांक 23 अप्रैल 2026 की रात्रि को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कुंभराज थाना पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए आरोपी सरवन पुत्र बाबूलाल मीना (उम्र 35 वर्ष) निवासी ग्राम खेड़ीगिदौर, थाना मलावर, जिला राजगढ़ को गिरफ्तार किया गया । साथ ही आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो नाल बंदूक भी विधिवत जप्त की गई है ।


               कुंभराज थाना पुलिस की इस त्वरित एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज त्यागी, उपनिरीक्षक होतम सिंह बघेल, उपनिरीक्षक सतीश वर्मा, सउनि तुलाराम, प्रधान आरक्षक सलीम खांन, प्रधान आरक्षक शिवकुमार रघुवंशी, आरक्षक विक्रम देवलिया, आरक्षक जालम डावर, आरक्षक दिलीप साहू, आरक्षक दिलीप धाकड़, आरक्षक अजीत लोधी, आरक्षक अवनीश जाट, आरक्षक अभिषेक शर्मा, आरक्षक बृजेश साहू, आरक्षक अजय रघुवंशी एवं आरक्षक राहुल यादव की सराहनीय भूमिका रही है ।


               गुना पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से न केवल गंभीर प्रकरण का शीघ्र खुलासा हुआ, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति पुलिस की सजगता एवं प्रतिबद्धता भी परिलक्षित होती है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.