Type Here to Get Search Results !

उपार्जन केन्‍द्र में कृषकों का उत्‍साह के साथ करें स्‍वागत - कलेक्‍टर श्री कन्‍याल

 उपार्जन केन्‍द्र में कृषकों का उत्‍साह के साथ करें स्‍वागत -  कलेक्‍टर श्री कन्‍याल



गेहूं उपार्जन की व्‍यवस्‍थाओं के संबंध में बैठक लेकर दिये आवश्‍यक दिशा-निर्देश


05 सर्वश्रेष्‍ठ उपार्जन केन्‍द्रों को किया जायेगा सम्‍मानित


गुना 


कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल द्वारा आज जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित बैठक में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अवधेश पांडे, उपायुक्त सहकारिता, उपार्जन केंद्र प्रभारी, समिति प्रबंधक, कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं गोदाम प्रबंधक उपस्थित रहे।


बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर आने वाले किसानों का स्वागत उत्साहपूर्वक किया जाए। इसके लिए वॉलेंटियर्स की तैनाती कर किसानों के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्‍द्र में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित रहे।


कलेक्टर ने सभी उपार्जन केंद्रों पर छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, इंटरनेट सुविधा एवं अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा प्रत्येक ब्लॉक में 5 उत्कृष्ट उपार्जन केंद्रों को सम्मानित किया जाएगा।


बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अवधेश पाण्‍डे ने बताया शासन के निर्देशानुसार जिले में गेहूं उपार्जन 15 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा। इस वर्ष समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जिसमें 40 रुपये बोनस जोड़कर कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल किसानों को प्राप्त होंगे। जिले में गेहूं खरीदी के लिए कुल 27 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 25 गोदाम स्तर एवं 2 समिति स्तर के केंद्र शामिल हैं। सभी केंद्रों पर खरीदी प्रभारी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर तौल कांटा, हम्माल एवं सर्वेयर की उपलब्धता अनिवार्य होगी। साथ ही केंद्रों पर बैनर लगाकर सामान्य जानकारी, FAQ, मापदंड एवं टोल फ्री नंबर का स्पष्ट प्रदर्शन किया जाए, ताकि किसानों को पूरी जानकारी एक ही स्थान पर मिल सके।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनाया जाए, जिससे जिले में गेहूं खरीदी कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.