कानून व्यवस्था भंग करने के दो फरार आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - होली पर्व के दौरान कानून- व्यवस्था भंग करने एवं शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर फरार होने के दो आरोपियों को थाना नवागढ़ पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा जा चुका है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेंडे ने अरविन्द तिवारी को बताया कि गत माह 04 मार्च की रात्रि लगभग दो बजे बजे थाना नवागढ़ की पेट्रोलिंग पार्टी ग्राम राछाभांठा से सेमरा- बुड़ेना की ओर पेट्रोलिंग कर रही थी। ग्राम बुड़ेना में कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मुख्य मार्ग पर लकड़ी एवं पत्थर रखकर आवागमन बाधित किया गया था। पुलिस पार्टी द्वारा मार्ग से अवरोध हटाया जा रहा था , तभी छिपे हुये व्यक्तियों द्वारा पुलिस के शासकीय वाहनों पर पत्थर फेंके गये , जिससे दोनों वाहनों के सामने एवं पीछे के शीशे टूट गये थे। घटना के पश्चात आरोपी मौके से भागने लगे , जिनमें से आरोपी अनीश यादव उम्र 19 वर्ष , साहिल यादव उम्र 21 वर्ष , राज कश्यप उम्र 19 वर्ष , सुखराम कश्यप उम्र 22 वर्ष और परमेश्वर यादव उम्र 22 वर्ष सभी निवासी ग्राम बुड़ेना थाना नवागढ़ को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा। पूछताछ में साथियों के साथ मिलकर पत्थरबाजी कर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने एवं शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना स्वीकार किये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। वहीं मामले के आरोपी नीलेश कुमार एवं कार्तिक कश्यप फरार चल रहा था , जिसकी पुलिस द्वारा लगातार पातासाजी की जा रही थी। जिसको निरीक्षक कमलेश शेंडे थाना प्रभारी नवागढ़ के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने भी जुर्म करना स्वीकार किया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना नवागढ़ पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक कमलेश कुमार शेंडे थाना प्रभारी नवागढ़ एवं थाना स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपीगण -
निलेश कुमार यादव उम्र 21 वर्ष और कार्तिक कश्यप उम्र 20 वर्ष दोनो निवासी बुड़ेना , थाना - नवागढ़ , जिला - जांजगीर चाम्पा (छत्तीसगढ़)।
