मच्छरों से बचाव के लिए गम्बुसिया मछली और स्वच्छता अभियान — कलेक्टर ने दिए अहम सुझाव
गुना,
गुना जिले में मच्छरजनित बीमारियों, विशेषकर डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया है। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास के वातावरण को मच्छरों के पनपने से मुक्त रखें।
इस अभियान में गम्बुसिया मछली के उपयोग को विशेष महत्व दिया गया है। यह मछली तालाबों और जलाशयों में मच्छरों के लार्वा को खाकर उनके प्रसार को प्राकृतिक रूप से रोकती है। यह एक पर्यावरण-मित्र एवं रासायनिक-रहित उपाय है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि "हमें सप्ताह में कम से कम एक दिन उन जगहों का पानी अवश्य बदलना चाहिए जहाँ पानी जमा होता है।" घरों में रखे कूलर, बर्तन, टायर या किसी भी पात्र में रुका हुआ पानी मच्छरों के लार्वा के पनपने का सबसे बड़ा कारण है।
कूलर की सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। कूलर की घास (पैड) और जल भंडार को नियमित रूप से साफ करें तथा उपयोग न होने पर कूलर को ढककर रखें।
प्रशासन ने नागरिकों को सुझाव दिया है कि वे प्रतिदिन निश्चित समय इन सफाई कार्यों के लिए तय करें, जिससे डेंगू जैसी बीमारियों से बचा जा सके।
जिला प्रशासन, गुना ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और स्वस्थ गुना, स्वच्छ गुना के संकल्प को साकार करें।
