Type Here to Get Search Results !

जनसंवाद से मजबूत हो रहा विश्वास : मधुसूदनगढ़ में पुलिस-जनता के बीच सीधा संवाद

 जनसंवाद से मजबूत हो रहा विश्वास : मधुसूदनगढ़ में पुलिस-जनता के बीच सीधा संवाद



*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने जन चौपाल में सुनीं आमजन की समस्याएं, त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान का दिलाया भरोसा*


               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गत दिनांक 23 अप्रेल 2026 को जिले के मधुसूदनगढ़ में जन चौपाल का आयोजन किया गया । जिसमें पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल द्वारा आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया गया । इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच संवाद को सशक्त बनाते हुए क्षेत्र में भयमुक्त एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण का निर्माण करना तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना रहा ।


               कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को खुलकर पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा  गया । पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी जनों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु नागरिकों से सुझाव लिए गए, प्राप्त सुझावों पर शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा । इस दौरान आमजन को यह विश्वास दिलाया गया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस सदैव तत्पर एवं प्रतिबद्ध है ।


               इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद ही सुरक्षित समाज की नींव है । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के संबंध में बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या प्रताड़ना होने पर पुलिस तत्काल सूचित करें, पुलिस द्वारा संबंधित के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी । साथ ही वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशा से दूर रहने एवं इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा डी.जे. सिस्टम का संचालन माननीय सर्वोच्च न्यायालय की गाईडलाइन के अनुसार ही किया जाए । जनसंवाद के दौरान महिला हेल्पलाइन नंबर 1091, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई । उन्होंने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके ।


               कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने यह संदेश दिया कि आमजन की भागीदारी से ही कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा सकता है । इस पहल से क्षेत्र में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना और अधिक मजबूत हुई है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.