*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के सशक्त और संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस की सराहनीय सफलता*
रायसेन जिले से नाबालिग लड़की का अपहरण कर भाग रहे दो लड़के रात्रि गश्त में चढे जामनेर थाना पुलिस के हत्थे
*लडकों को हिरासत में लेकर लड़की को दिया सुरक्षित संरक्षण*
*रायसेन जिले के थाना सतलापुर में दर्ज पाया गया नाबालिग बालिका के अपहरण का प्रकरण, तीनों को रायसेन पुलिस को सौंपा*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल, सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नाबालिगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्पर और संवेदनशील कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं डीएसपी मुख्यालय श्री जमीलउद्दीन सिद्दिकी के पर्यवेक्षण में जामनेर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मेहरा और उनकी टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है ।
दिनांक 16 अप्रैल 2026 को रात्रि गश्त के दौरान जामनेर थाना प्रभारी श्री मनोज मेहरा को जामनेर रोड चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास एक मोटरसाइकिल (क्रमांक MP32MJ1170) पर दो युवक एवं एक लडकी संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए । संदेह होने पर पुलिस द्वारा उन्हें रोककर पूछताछ की गई । पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम अभिषेक कोली उम्र 22 वर्ष, निवासी दिहायला थाना सीहोर, जिला शिवपुरी तथा दूसरे युवक ने अपना नाम राहुल रजक उम्र 21 वर्ष, निवासी नरवर, जिला शिवपुरी के होना बताए एवं साथ में मौजूद लडकी नाबालिग होना पाई गई ।
जामनेर प्रभारी द्वारा तत्काल बालिका के परिजनों से संपर्क किया गया, जिनके द्वारा बताया गया कि बालिका के गुम होने की रिपोर्ट थाना सतलापुर जिला रायसेन में दर्ज कराई गई है । संबंधित थाना से पुष्टि करने पर थाना सतलापुर अपराध क्रमांक 90/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज होना पाया गया । इसके बाद तीनों को सुरक्षा की दृष्टि से थाने लाया गया तथा बालिका को सुरक्षित रखा गया । आगे की कार्यवाही हेतु थाना सतलापुर पुलिस को सूचित कर आवश्यक समन्वय किया गया । लड़की के परिजन एवं सतलापुर थाना पुलिस के जामनेर थाना पहुंचने पर जामनेर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मेहरा व उनकी टीम द्वारा नियमानुसार कार्यवाही उपरांत लड़का-लड़की तीनों को लड़की के परिजन के समक्ष विधिवत सतलापुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया ।
निश्चित ही गुना पुलिस की इस सतर्कतापूर्ण और समय पर की गई तत्पर और संवेदनशील कार्यवाही से उक्त नाबालिग लड़की के साथ संभावित घटना घटित होने से पूर्व घटना को रोका गया और गुना पुलिस की यह कार्यवाही बालिका को परिजनों तक सुरक्षित पहुँचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध हुई ।
जामनेर थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मेहरा, प्रधान आरक्षक बृजेश त्यागी, आरक्षक रमेश दोहरे एवं आरक्षक गजेन्द्र सिंह गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही है I
