Type Here to Get Search Results !

नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्‍च प्राथमिकता – कलेक्‍टर श्री कन्‍याल

 नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्‍च प्राथमिकता – कलेक्‍टर श्री कन्‍याल


सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिये आवश्‍यक दिशा-निर्देश

‎‎गुना 

जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्‍टर श्री अखिलेश जैन, अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में कलेक्‍टर श्री कन्‍याल ने निर्देशित करते हुए कहा नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्‍च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए ठोस एवं प्रभावी रणनीति तैयार की जाए और उसका सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में यातायात में बाधा बनने वाले स्थानों एवं अतिक्रमण वाले क्षेत्रों की पहचान की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों पर शीघ्र कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया जाए, जिससे यातायात सुगम और सुरक्षित हो सके। इसके साथ ही सड़कों के किनारे पेड़ों की नियमित छंटाई, सड़कों की साफ-सफाई तथा ट्रैफिक प्रबंधन को सुदृढ़ करने पर भी विशेष जोर दिया गया। जहां-जहां साइन बोर्ड क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें शीघ्र ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने हेलमेट अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सख्ती भी बरती जाए, ताकि लोग नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने कहा कि यह अभियान निरंतर और प्रभावी रूप से संचालित किया जाए।

अंबेडकर जयंती के अवसर पर विशेष यातायात व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों, पर्याप्त वॉलिंटियर्स की व्यवस्था हो तथा कानून-व्यवस्था बनी रहे।

नेशनल हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री कन्‍याल ने हाईवे पर अवैध कट बनाने वाले होटल/ढाबा संचालकों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराये जाने के निर्देश दिए। उन्‍होंने दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही घायल पशुओं को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में नगर पालिका को सड़कों पर उचित रोड मार्किंग कराने के निर्देश दिए गए तथा ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उन्हें सुधारने और वहां प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी उपायों को गंभीरता से लागू किया जाए, ताकि जिले में दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन को सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.