Type Here to Get Search Results !

साप्ताहिक समय-सीमा बैठक सम्पन्न, कलेक्टर ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

 

साप्ताहिक समय-सीमा बैठक सम्पन्न, कलेक्टर ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश


‎‎गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, जनहितकारी कार्यक्रमों तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण पर विशेष जोर

कलेक्टर श्री कन्याल ने सीएम हेल्पलाइन में 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही न की जाए और सभी अधिकारी व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करें। साथ ही जिले की रैंकिंग में सुधार हेतु बेहतर प्रदर्शन करने पर बल दिया।

अक्षय तृतीया पर सामूहिक कन्या विवाह की तैयारी

आगामी अक्षय तृतीया के अवसर पर आयोजित होने वाले सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की समीक्षा

जल संरक्षण के उद्देश्य से संचालित ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पूर्ण किए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही जो कार्य अभी अपूर्ण हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

बैठक में सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति पर सतत नजर रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

उपार्जन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर फोकस

कलेक्टर ने ई-विकास पंजीयन बढ़ाने, समर्थन मूल्य पर उपार्जन कार्य की फील्ड में जाकर निगरानी करने तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद, बीज एवं बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

नरवाई जलाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर श्री कन्याल ने नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जहां भी ऐसी घटनाएं सामने आएं, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधितों पर जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

नारी शक्ति पखवाड़ा के आयोजन की जानकारी

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बैठक में अवगत कराया गया कि 10 से 25 अप्रैल तक ‘नारी शक्ति पखवाड़ा’ का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सहित विभिन्न अधिकारों, योजनाओं एवं सशक्तिकरण संबंधी विषयों पर जागरूक किया जाएगा।

अंबेडकर जयंती की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में अंबेडकर जयंती के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हों। इसके लिए पर्याप्त वॉलिंटियर्स की तैनाती, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.