रुठियाई- बीना मेमू ट्रेन दो फेरे चलने के आदेश से हर्ष व्याप्त
विजय कुमार जैन ने मेमू ट्रेन के रुठियाई से रात्री में छूटने के समय में परिवर्तन की मांग की
राघौगढ़ 16 अप्रैल। सांसद प्रतिनिधि एवं रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति मंडल भोपाल के सदस्य विजय कुमार जैन ने बीना- रुठियाई मेमू ट्रेन दो फेरे में चलने के आदेश पर हर्ष व्यक्त किया है एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद दिया है। इस ट्रेन के दो फेर में चलने से आम रेल यात्रियों को राहत मिलेगी।
विजय कुमार जैन ने श्री अश्विनी वैष्णव रेल मंत्री भारत सरकार को भेजे पत्र में मांग की है कि मेमू ट्रेन क्रमांक 61612 का रुठियाई से बीना छूटने का समय रात्री 8:00 बजे के स्थान पर रात्री 8:30 बजे किया जाए। आपने उल्लेख किया है कि इंदौर से कोटा इंटरसिटी एक्सप्रेस क्रमांक 22984 इंदौर से चलकर रात्रि 8:20 बजे रुठियाई जंक्शन आती है। इस ट्रेन से इंदौर से चलकर गुना, शाढ़ौरा, अशोकनगर, पिपरई, मुंगावली जाने वाले यात्रियों को मेमो ट्रेन का समय बदल जाता है तो कनेक्टिविटी मिल जाएगी। अपने पत्र की प्रतिलिपि श्री दिग्विजय सिंह पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद राज्यसभा, श्री जयवर्धन सिंह पूर्व मंत्री एवं विधायक राघौगढ़, श्री दीपक कुमार सिंह महाप्रबंधक पश्चिम मध्य रेल्वे जबलपुर, श्री पंकज त्यागी मंडल रेल प्रबंधक भोपाल को भेजी है।
विजय कुमार जैन ने जारी बयान में उल्लेख किया है ग्राम भैंसाना तहसील राघोगढ़ में आगामी 18 मई से 28 मई तक आयोजित विराट श्री राम महायज्ञ को देखते हुए बीना रुठियाई मेमू ट्रेन को चार फेरे में चलाने एवं यज्ञ के दिनों में मक्सी उज्जैन तक बढ़ाने की मांग श्री दिग्विजय सिंह पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद ने पत्र द्वारा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से गत माह की थी। रेल मंत्रालय द्वारा इस ट्रेन को दो फेरे में चलाने के आदेश से आम जनता को राहत मिलेगी और यज्ञ में भाग लेने आने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

