यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त प्रहार : गुना यातायात पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा आमजन को विभिन्न माध्यमों से यातायात नियमों के प्रति निरंतर जागरुक किया जा रहा है, इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लघंन करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अजय प्रताप सिंह द्वारा यातायात पुलिस बल के साथ विशेष अभियान संचालित किया गया ।
इस अभियान के अंतर्गत शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई ।
*तेज रफ्तार और लापरवाही पर सख्ती :-*
अभियान के दौरान ऐसे वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी गई, जो तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाकर आमजन एवं मासूम नागरिकों के जीवन को खतरे में डाल रहे थे ।
*स्कूल बसों की सुरक्षा जांच :-*
चेकिंग के दौरान स्कूल बसों के सुरक्षा मानकों की जांच की गई, जो संतोषजनक पाए गए । सभी बसों में फायर फाइटिंग उपकरण सही एवं कार्यशील स्थिति में मिले, जिससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित पाई गई ।
*मॉडिफाइड साइलेंसर पर कार्यवाही :-*
एक बुलेट मोटरसाइकिल, जो पटाखों जैसी तेज आवाज निकाल रही थी, को जब्त किया गया । मौके पर मैकेनिक बुलाकर वाहन से मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाया गया एवं मूल (ओरिजिनल) साइलेंसर पुनः लगवाया गया ।
*ओवरलोड वाहनों पर जुर्माना :-*
तेलघानी तिराहे पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को 200-250 बोरियों के साथ ओवरलोड संचालित करते हुए पकड़ा गया । वाहन को थाना यातायात भेजकर 5000 रूपये का चालान किया गया । साथ ही अतिरिक्त बोरियों को दूसरे ट्रैक्टर में शिफ्ट कराकर दोनों वाहनों को सुरक्षित रवाना किया गया ।
*रात्रि में खतरनाक परिवहन पर रोक :-*
गत रात्रि लगभग 10:00 बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को खतरनाक तरीके से सरिया ले जाते हुए रोका गया । वाहन चालक को समझाइश देते हुए ट्रॉली के पीछे रेडियम टेप लगवाया गया तथा सरियों को सुरक्षित तरीके से कवर कर बांधा गया, ताकि रात्रि में स्पष्ट दृश्यता बनी रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो ।
इस पूरे अभियान के दौरान कुल 14 वाहनों पर कार्यवाही करते हुए कुल 20,000 रूपये का चालान किया गया । गुना पुलिस आमजन की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है । यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें, आपकी सुरक्षा ही हमारी प्राथमिकता है ।
