क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय में मनाई गई स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तात्या टोपे की पुण्यतिथि
गुना
क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी क्रांतिवीर तात्या टोपे की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार द्वारा उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति एवं त्याग को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) किशन यादव ने की, जिसमें विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो ए. के. मुदगल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. प्रभात चौधरी सहित विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. निधीश कुमार, अध्यक्ष, योगानंद स्कूल ऑफ स्पिरिचुएलिटी एंड हैप्पीनेस, शूलिनी विश्वविद्यालय, सोलन (हिमाचल प्रदेश), डॉ. संबित भूषण, सहायक प्राध्यापक (योग), एल.एन.आई.पी.ई. विश्वविद्यालय, ग्वालियर तथा डॉ. रामा मिश्रा, सहायक प्राध्यापक (योग), शूलिनी विश्वविद्यालय, सोलन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए क्रांतिवीर तात्या टोपे के राष्ट्र निर्माण में योगदान को प्रेरणास्रोत बताया तथा युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने योग एवं भारतीय परंपरा के महत्व पर अत्यंत प्रेरणादायी व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु ने अपने संबोधन में कहा कि क्रांतिवीर तात्या टोपे का जीवन त्याग, पराक्रम और राष्ट्रनिष्ठा का अद्वितीय उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी युवाओं को राष्ट्र हित में कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय क्षेत्र के गुना, अशोकनगर एवं शिवपुरी जिलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संभावनाएं प्राप्त हो सकें।
कार्यक्रम का संचालन अंतिमा सक्सेना एवं आभार प्रियंका भदौरिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारीगण एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे तथा सभी ने क्रांतिवीर तात्या टोपे जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
