Type Here to Get Search Results !

चांचौड़ा थाना पुलिस ने ठगी के एक प्रकरण में करीब 06 साल से फरार आरोपी को राजस्थान के अलवर जिले से किया गिरफ्तार

 *गुना पुलिस का फरार आरोपियों पर सख्त शिकंजा*


चांचौड़ा थाना पुलिस ने ठगी के एक प्रकरण में करीब 06 साल से फरार आरोपी को राजस्थान के अलवर जिले से किया गिरफ्तार


*आरोपी द्वारा मोबाइल टावर लगवाने एवं नौकरी दिलाने का झांसा देकर की गई थी ठगी*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में धोखाधड़ी, गबन एवं साइबर माध्यम से की जाने वाली ठगी जैसे आर्थिक अपराधों को गंभीरता से लेकर इन अपराधों में तत्पर और सक्रियता से कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा वर्ष 2020 में धोखाधड़ी के एक प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हासिल करते हुए प्रकरण में करीब 06 साल से फरार आरोपी को राजस्थान राज्य के अलबर जिले से गिरफ्तार किया गया है ।


               उल्लेखनीय है कि दिनांक 17 मार्च 2020 को फरियादी गुड्डू पुत्र शिवलाल मीना निवासी ग्राम हिंगोनी थाना चांचौड़ा द्वारा अपने साथ हुई धोखाधड़ी के संबंध में चांचौड़ा थाने में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन में फरियादी ने बताया था कि उसने मोबाइल टावर लगवाने संबंधी एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने पर आरोपी द्वारा उसकी जमीन पर मोबाइल टावर लगवाने एवं उसमें नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया और विभिन्न प्रक्रियाओं एवं औपचारिकताओं के नाम पर विश्वास में लेकर उससे दो किश्तों में कुल 56 हजार 800 रुपये बैंक खाते में जमा करा लिए। राशि जमा होने के बाद न तो जमीन पर मोबाइल टावर लगाया गया और न ही जमा की गई राशि वापस की गई, जिसके बाद फरियादी को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई ।


               आवेदन की जांच उपरांत चांचौड़ा थाने में अपराध क्रमांक 129/20 धारा 420, 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया । विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा धोखाधड़ी में आरोपी मोहित कुमार राजपूत निवासी जिला अलवर (राजस्थान) की पहचान सुनिश्चित कर उसकी लगातार तलाश की जा रही थी । इस हेतु पुलिस टीम द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी गईं, किंतु आरोपी गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से लगातार फरार चल रहा था ।


               आरोपी की तलाश में चांचौड़ा थाना पुलिस के लगातार प्रयास एवं सक्रिय मुखबिर तंत्र के चलते दिनांक 26 मई 2026 को आरोपी के संबंध में सटीक सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा अलवर जिले के नौगांव बस स्टैंड से आरोपी मोहित कुमार पुत्र धर्मपाल राजपूत उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम धनेटा थाना नौगांव जिला अलवर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया गया एवं वैधानिक कार्यवाही उपरांत आरोपी को आज दिनांक 27 मई 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया ।


               चांचौड़ा थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज राणा, बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजयप्रताप सिंह, सउनि ताराचंद सागर एवं आरक्षक सचिन भिलाला की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।


               गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि मोबाइल टावर लगवाने, नौकरी दिलाने अथवा किसी भी प्रकार के निवेश एवं लाभ के नाम पर प्राप्त होने वाले आकर्षक प्रस्तावों पर बिना सत्यापन विश्वास न करें तथा किसी अज्ञात व्यक्ति अथवा संस्था के खाते में धनराशि जमा करने से पूर्व आवश्यक जांच अवश्य करें ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.