मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव 12 मई को
गुना
मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के सदस्यों का दिनांक 12 मई 2026 को चुनाव होना है, जिस हेतु जिला मुख्यालय गुना, सिविल न्यायालय आरोन, राघौगढ एवं चांचौड़ा में मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं विशेष न्यायाधीश गुना श्री आर.के. जैन ने बताया है कि जिला मुख्यालय गुना में अधिवक्ता संघ गुना के भवन के प्रथम तल को मतदान केन्द्र अधिसूचित किया गया है, जिसमें 12 मतदान प्रकोष्ठ निर्मित किए गए हैं। मतदान का समय प्रातः 10 बजे से सांय 5 बजे तक है। मतदान हेतु मतदान प्रक्रिया की अवधि में प्रत्येक मतदाता को प्रभारी मतदान अधिकारी के निर्देश पर राज्य अधिवक्ता परिषद द्वारा या जिला अथवा तहसील अधिवक्ता संघ द्वारा जारी परिचय पत्र दिखाना आवश्यक होगा और ऐसा नहीं किए जाने पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष/ सचिव द्वारा मतदाता की पहचान करनी होगी।
मतदान हेतु मतदाता अपने नाम की पर्ची प्राप्त कर मतदान केन्द्र में जाएंगे एवं मतदाता पर्ची के आधार पर मतदान प्रभारी के समक्ष सूची पर हस्ताक्षर कर उनसे मतपत्र प्राप्त कर मतदान कर सकेंगे। मतदान केन्द्र से 200 गज की परिधि में किसी चुनाव प्रक्रिया अथवा उसके समर्थकों को चुनाव प्रचार की अनुमति नहीं है। मतदान की अवधि प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगी, जो मतदाता शाम 5 बजे तक मतदाता मतदान केन्द्र में उपस्थित रहेंगे, उन सभी को मतदान का अवसर दिया जावेगा। किसी भी मतदाता का मतपत्र खराब होने पर प्रभारी मतदान अधिकारी के निर्णय अनुसार दूसरा मतपत्र दिया जा सकेगा।
