एचबीएनसी के तहत शिशु की 3 माह की गृह भेंट
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में पीएचसी आवान अंतर्गत AWC-31 में आशा सुपरवाइजर कृष्णा मेर एवं आशा कार्यकर्ता अनिता लोधा द्वारा एचबीएनसी कार्यक्रम के तहत 3 माह के शिशु की गृह भेंट की गई। शिशु का जन्म दिनांक 03 फरवरी 2026 है।
गृह भेंट के दौरान शिशु की माँ को शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित आवश्यक जानकारियाँ दी गईं। माँ को बच्चे को गोद में लेने से पहले साबुन से हाथ धोने, शिशु को 6 माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा समय-समय पर एवं संपूर्ण टीकाकरण कराने की समझाइश दी गई।
साथ ही माँ को लेटकर दूध न पिलाने की सलाह दी गई तथा दूध पिलाने के बाद शिशु को डकार दिलाने के महत्व के बारे में बताया गया, जिससे दूध के सांस नली में जाने की संभावना से बचाव हो सके। शिशु की माँ को आयरन एवं कैल्शियम युक्त पोषण आहार लेने की सलाह भी दी गई। गृह भेंट के दौरान शिशु का वजन एवं तापमान मापा गया। आशा कार्यकर्ता द्वारा शिशु के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी हेतु समय-समय पर गृह भ्रमण किया जा रहा है।
ब्लॉक राघौगढ़ की बीसीएम द्वारा आशा एवं आशा सुपरवाइजरों की समय-समय पर बैठकों के माध्यम से गृह भेंट के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाते हैं।
