बीमारी एवं भरण-पोषण मामलों में त्वरित राहत : कलेक्टर ने दी आर्थिक सहायता
गुना,
जिले में जरूरतमंदों को त्वरित राहत पहुंचाने की दिशा में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा संवेदनशील पहल करते हुए बीमारी एवं भरण-पोषण से जुड़े आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई की गई। कलेक्टर ने संबंधित आवेदकों को आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित कर राहत प्रदान की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक ललित सेन ने गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की थी। उन्होंने बताया कि उनका उपचार इंदौर स्थित अरविंदो अस्पताल में चल रहा है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने रेडक्रॉस के माध्यम से 25 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर चेक प्रदान किया।
इसी क्रम में एक अन्य मामले में मड़ी कस्बा, आरोन निवासी मुन्नीबाई ने भरण-पोषण के लिए सहायता का आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया। कलेक्टर श्री कन्याल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे जरूरतमंद प्रकरणों में प्राथमिकता के आधार पर त्वरित सहायता सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र व्यक्तियों को समय पर राहत मिल सके।
