*गुना पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि,*
केंट थाना क्षेत्र से दो युवकों के अपहरण के गंभीर प्रकरण में पुलिस तत्पर और प्रभावी कार्यवाही
*पुलिस ने रातभर सर्चिंग अभियान चलाकर अंतत: दोंनो अपहृतों को सकुशल मुक्त कराया, दो महिलाओं सहित चार अपहरणकर्ता गिरफ्तार*
*आरोपियों द्वारा अपहृतों को बंधक बनाकर फिरौती के रूप में की जा रही थी 03 लाख रूपये की मांग*
*आरोपियों द्वारा हाथ-पैर एवं मुंह बांधकर पुलिया के नीचे पाइपों में छिपाकर रखा था दोनों युवकों को*
*पुलिस की सतर्कता एवं तत्परता से टली बड़ी अनहोनी*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को सुरक्षित वातावरण हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र से दो युवकों का फिरोती के लिए अपहरण के गंभीर प्रकरण में त्वरित एवं सूझबूझपूर्ण कार्यवाही करते हुए अपहृत दोंनो युवकों को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सकुशल मुक्त कराकर कर चार आरोपी गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है ।
दिनांक 16-17 की दरम्यानी रात्रि में कैंट थाना पुलिस को फरियादी रविन्द्र रघुवंशी निवासी ग्राम सैजी थाना शाढौरा जिला अशोकनगर द्वारा सूचना दी गई कि उसके भतीजे राज रघुवंशी एवं अनिकेत उर्फ भूरा रघुवंशी का ग्राम टोरिया निवासी चंचल रघुवंशी एवं छोटू रघुवंशी के द्वारा अपहरण कर लिया है इसकी जानकारी लगने पर हम टोरिया में चंचल रघुवंशी के घर आए तो उसके परिजनों द्वारा दोनों को छोडने के बदले में तीन लाख रुपये देने और उनकी खिची हुई मोटर साइकिल वापस दिलाने के लिए बोला जा रहा है ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा युवकों के अपहरण की इस घटना की गंभीरता को देखते हुए युवकों की शीघ्र दस्तयाबी हेतु तत्काल केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई । पुलिस टीम युवक की तलाश हेतु रात्रि में ही सक्रिय हुई और इस हेतु अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया, साथ ही सतत और प्रभावी तकनीकी विश्लेषण करते हुए सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया । तलाश के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई कि दोंनो युवकों को चंचल रघुवंशी एवं उसके साथियों द्वारा बंधक बनाकर खेतों में रखा गया है तथा छोड़ने के एवज में 03 लाख रुपये अथवा मोटरसाइकिल वापस दिलाने की मांग की जा रही है ।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल संदेही चंचल रघुवंशी के घर पहुंची, जहां उसके परिजनों द्वारा भी अपहृत युवकों को छोड़ने के बदले 03 लाख रुपये एवं मोटरसाइकिल की मांग करना स्वीकार किया गया । पुलिस द्वारा रणनीतिक एवं हिकमत अमली से पूछताछ करने पर आरोपी चंचल रघुवंशी के पिता रामकृष्ण रघुवंशी तथा उसकी बहनों गायत्री एवं सिद्धी ने बताया कि अपहृत युवकों को चोरौल रोड स्थित पुलिया के पास अंकित सिकरवार के कब्जे में रखा गया है । इसके बाद पुलिस टीम तत्काल चोरौल रोड़ पर बताए गए स्थान के पास पहुंची और जहां घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड लिया गया जिसने पूछताछ पर अपना नाम अंकित पुत्र सुरेन्द्र सिंह सिकरवार उम्र 23 साल भिण्डुआ का चक ग्राम पगारा का बताया एवं अपहृत युवकों के संबंध में पूछने पर उन्हें पास ही पुलिया के नीचे पाइप के अंदर रखना बताया । इसके बाद पुलिस द्वारा पुलिया के अंदर पाईपों में देखने पर दोनों अपहृत युवक हाथ-पैर एवं मुंह कपड़े से बंधे हुई स्थिति में मिले, जिन्हें पुलिस द्वारा सुरक्षित मुक्त कराया गया । इस घटना पर से आरोपीगणों के विरुद्ध कैंट थाने में अप.क्र. 357/26 धारा 140(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है ।
प्रकरण में पुलिस द्वारा 04 आरोपी 1-रामकृष्ण पुत्र नीलम सिंह रघुवंशी उम्र 50 साल निवासी ग्राम टोरिया, 2-अंकित पुत्र सुरेन्द्र सिंह सिकरवार उम्र 23 साल निवासी भिण्डुआ का चक्क ग्राम पगारा, 3-गायत्री पत्नि मनोज रघुवंशी उम्र 30 साल निवासी आरोन एवं 4-सिद्धी पत्नि दीपक रघुवंशी उम्र 27 साल निवासी ग्राम बमुरिया थाना देहात जिला अशोकनगर को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है । प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की तलाश एवं विवेचना जारी है ।
गुना पुलिस इस महत्वपूर्ण एवं सफल कार्यवाही में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक कुशलपाल, उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, प्रधान आरक्षक शिवदयाल वर्मा, प्रधान आरक्षक मुकेश मौर्य, प्रधान आरक्षक प्रदीप धाकड़, आरक्षक धर्मेन्द्र रघुवंशी, आरक्षक देवेन्द्र रघुवंशी, आरक्षक अभिनेष रघुवंशी, आरक्षक कुलदीप धुरैया, आरक्षक रामनिवास शर्मा, आरक्षक राजू बघेल, महिला आरक्षक तेजस्मिता जादौन, महिला आरक्षक सीमा चौहान, साइबर सेल से आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक नवदीप अग्रवाल, आरक्षक आदित्य कौरब व आरक्षक अभय रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही है ।
