जिला चिकित्सालय गुना में फायर सेफ्टी सप्ताह का शुभारंभ, शपथ ग्रहण एवं मॉक ड्रिल आयोजित
गुना,
कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय गुना में 04 मई से 10 मई 2026 तक आयोजित होने वाले फायर सेफ्टी सप्ताह का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर अस्पताल परिसर में फायर सेफ्टी शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने आपातकालीन परिस्थितियों में सजग रहने और अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान मॉक ड्रिल का भी आयोजन किया गया, जिसमें आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही का अभ्यास कराया गया। सहायक प्रबंधक डॉ. सूरज सिंह ने RACE (Rescue, Alarm, Confine, Extinguish) और PASS (Pull, Aim, Squeeze, Sweep) तकनीकों का विस्तृत डेमो प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित स्टाफ को आग से निपटने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी मिली।
इस कार्यक्रम में मनोरोग चिकित्सक डॉ. भाटी, डॉ. आर.एस. राजपूत, डॉ. पी.एन. धाकड़, मेट्रन इमरती देवी, डी.क्यू.एम. शेफाली, क्वालिटी असेसर संजना अगस्टीन, एमएच कोऑर्डिनेटर निखिल श्री सिंह, शैलेन्द्र (नर्सिंग ऑफिसर) सहित सभी वार्ड इंचार्ज एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना तथा आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में जनहानि एवं संपत्ति हानि को न्यूनतम किया जा सके।
