जज्जी बस स्टैंड परिसर में अतिक्रमण के विरुद्ध संयुक्त कार्यवाही
*यातायात पुलिस एवं नगर पालिका का विशेष अभियान, 08 वाहनों पर 7000/- का जुर्माना*
गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं डीएसपी ट्रैफिक मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह द्वारा यातायात पुलिस टीम एवं नगर पालिका अमले के साथ संयुक्त रूप से जज्जी बस स्टैंड परिसर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही की गई ।
कार्यवाही के दौरान कुछ लोगों द्वारा मार्ग पर गुमटी लगाकर आमजन को गर्मी से राहत हेतु पेयजल प्याऊ संचालित किया जा रहा था । मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सीएमओ महोदया द्वारा उक्त गुमटी हटाने हेतु निर्धारित समयावधि तक की मोहलत प्रदान की गई है । समय सीमा समाप्त होने के उपरांत उक्त अतिक्रमण भी हटाया जाएगा ।यातायात पुलिस एवं नगर पालिका द्वारा शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु ओल्ड एबी रोड सहित शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा ।
इसके उपरांत यातायात थाना प्रभारी द्वारा अपनी टीम के साथ मारुति शोरूम के समीप मुख्य मार्ग पर खड़े होकर ईंट का व्यापार कर रहे 04 ट्रैक्टर चालकों को समझाइश दी गई कि भविष्य में मुख्य सड़क पर वाहन खड़े कर व्यवसाय न करें । समझाइश के बाद सभी संबंधित वाहनों पर चालानी कार्यवाही करते हुए 1000-1000 का जुर्माना किया गया ।
इसी क्रम में मुख्य मार्ग पर बीच सड़क में सवारी बैठा रही एक यात्री बस के विरुद्ध भी चालानी कार्यवाही की गई । संपूर्ण कार्यवाही के दौरान कुल 08 वाहनों पर 7000/- रुपये का समन शुल्क अधिरोपित किया गया ।
यातायात नियमों के पालन एवं शहर में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु यह विशेष जांच एवं कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी ।
