*शहर की सुरक्षा में जनभागीदारी की मिसाल*
गुना पुलिस द्वारा जनसहयोग से शहरभर में लगाए जा रहे सीसीटीव्ही कैमरे
*सीसीटीव्ही नेटवर्क से मजबूत हो रही शहर की सुरक्षा व्यवस्था, अपराधों पर लग रहा प्रभावी अंकुश*
*पुलिस अधीक्षक ने जनभागीदारों को किया सम्मानित*
गुना शहर सहित जिलेभर में आमजन की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने हेतु गुना पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है । इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार सीसीटीव्ही कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं । इसके साथ ही जनभागीदारी के माध्यम से भी शहर एवं जिले के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जाकर उन्हें पुलिस सीसीटीव्ही कंट्रोल से जोड़ा जा रहा है, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो रही है ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत ऐसे महत्वपूर्ण निजी एवं सार्वजनिक स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां लोगों की निरंतर आवाजाही बनी रहती है । इन स्थानों पर लगाए गए कैमरों के माध्यम से गतिविधियों पर पुलिस द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे अपराधों के खुलासे एवं संदिग्ध गतिविधियों की पहचान में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हो रही है ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल द्वारा हाल ही में शहर के समस्त बैंक अधिकारियों की बैठक आयोजित कर बैंकों के बाहर अनिवार्य रूप से सीसीटीव्ही कैमरे स्थापित कर उन्हें पुलिस कंट्रोल से जोड़ने के निर्देश दिए गए थे । उक्त निर्देशों के पालन में State Bank of India एवं Indian Bank द्वारा तत्परता दिखाते हुए कैमरे स्थापित कराए गए तथा उन्हें पुलिस सीसीटीव्ही कंट्रोल से कनेक्ट कराया गया । इससे पुलिस को विभिन्न अपराधों की जांच एवं अपराधियों की पहचान में काफी मदद मिल रही है ।
शहर में जनभागीदारी के माध्यम से सीसीटीव्ही कैमरे स्थापित कराने एवं उनके सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नागरिकों का उत्साहवर्धन करने हेतु पुलिस कंट्रोल रूम में सम्मान समारोह आयोजित किया गया । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा करीब 60 जनभागीदारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा शहर की सुरक्षा में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया ।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर वासियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक सीसीटीव्ही कैमरे लगवाकर उन्हें पुलिस सीसीटीव्ही कंट्रोल से जोड़ें, ताकि शहर में होने वाली गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके ।
सम्मान समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर, सीएसपी गुना प्रियंका मिश्रा, एसडीओपी गुना विवेक अष्ठाना, रक्षित निरीक्षक पूजा उपाध्याय, कंट्रोल रूम प्रभारी विकास उपाध्याय, कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा, कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव, सीसीटीव्ही कंट्रोल प्रभारी भूपेन्द्र सेंगर सहित पुलिस अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे ।
