Type Here to Get Search Results !

जटिल स्थिति में सफल प्रसव : स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहनीय सेवा

 जटिल स्थिति में सफल प्रसव : स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहनीय सेवा


गुना  

बमौरी ब्लॉक अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र रामनगर के ग्राम सेमराखेड़ा में एक गर्भवती महिला का जटिल परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सफलतापूर्वक सामान्य प्रसव कराया गया।

उप स्वास्थ्य केंद्र के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी नरेंद्र लववंशी द्वारा ग्राम की गर्भवती महिला सरोज यादव की समय पर प्रसव-पूर्व जांच एवं सतत सेवाएं प्रदान की गईं, जिससे सुरक्षित प्रसव संभव हो सका। ग्राम की आशा कार्यकर्ता लता सेन महिला को जांच क्षेत्र तक लाईं, जहां जांच में महिला का हीमोग्लोबिन स्तर मात्र 6.5 ग्राम पाया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीएचओ द्वारा प्राथमिक जांच के उपरांत महिला को खून चढ़ाने हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहगढ़ भेजा गया। पारिवारिक अनुमति न मिलने के कारण महिला तत्काल नहीं जा सकी। इसके बाद स्वास्थ्य टीम द्वारा पुनः समझाइश कर महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बमौरी पहुंचाया गया, जहां आवश्यक एफसीएम इंजेक्शन लगाया गया।

इसके पश्चात महिला को जिला चिकित्सालय गुना में निःशुल्क रक्त की व्यवस्था कराई गई। सभी प्रयासों के परिणामस्वरूप महिला ने जिला चिकित्सालय में सामान्य प्रसव के बाद एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया।

इस पूरी प्रक्रिया में आशा कार्यकर्ता लता सेन का विशेष योगदान रहा, जिनकी सतत निगरानी, समन्वय और प्रेरणा से समय पर उपचार सुनिश्चित हो सका। यह उदाहरण स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता और टीमवर्क का सशक्त प्रमाण है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.