विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026 के अंतर्गत जिलेभर में जनजागरूकता अभियान
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में, विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर दिनांक 25 मई 2026 से 31 मई 2026 तक जिले में जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) एवं राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) टीमों द्वारा ग्राम स्तर, स्कूलों, कॉलेजों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं, रोल प्ले एवं तंबाकू निषेध शपथ का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। साथ ही तंबाकू नियंत्रण परामर्श केंद्र (TCC सेंटर) में तंबाकू सेवन करने वालों के लिए विशेष परामर्श एवं उपचार शिविर आयोजित किए गए।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी विनीता सोनी ने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को तंबाकू के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना हैं।
