सहकारिता एवं किसान हित से जुड़े विषयों की समीक्षा बैठक आयोजित
सदस्यता अभियान, खाद वितरण एवं किसान हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
गुना,
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सहकारिता एवं किसान हित से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं (डीआरसीएस), जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक गुना के महाप्रबंधक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पैक्स सदस्यता महाअभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने अधिक से अधिक किसानों को सहकारी समितियों का सदस्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मात्र 600 रुपये की सदस्यता राशि जमा कर किसान सहकारी समिति का सदस्य बनकर शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण, कृषि आदान एवं विभिन्न सहकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
ई-विकास प्रणाली की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि समिति का सदस्य किसान अपनी संबंधित समिति के माध्यम से ही टोकन बुक कर खाद प्राप्त कर सकेगा। यह व्यवस्था पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित खाद वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
बैठक में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक द्वारा समितियों के माध्यम से किसानों को नगद ऋण एवं खाद ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देश दिए कि पात्र किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों।
कालातीत (ओवरड्यू) सदस्यों के संबंध में बताया गया कि संपूर्ण बकाया ऋण राशि जमा करने के उपरांत ऐसे सदस्य पुनः ई-विकास प्रणाली के माध्यम से खाद प्राप्त करने तथा शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण सुविधा का लाभ लेने के पात्र होंगे।
सहकार से समृद्धि अभियान के अंतर्गत डेयरी समितियों एवं उनके सदस्यों के बैंक खाते जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में खोले जाने तथा उन्हें विभिन्न बैंकिंग सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर श्री कन्याल ने इस अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।
खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले की सभी 86 पैक्स समितियों के माध्यम से सदस्य किसानों को नकद एवं ऋण पर खाद उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर श्री कन्याल ने खाद की उपलब्धता, वितरण एवं निगरानी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी संबंधित अधिकारियों को सदस्यता अभियान, खाद वितरण व्यवस्था, ऋण सुविधाओं एवं किसान हितैषी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा अधिकाधिक किसानों को इन योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
