21 जून को श्री हनुमान टेकरी परिसर में होगा जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम
गुना,
आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 21 जून 2026 को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जिले में उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "Yoga for Healthy Ageing" (स्वस्थ आयु के लिये योग) निर्धारित की गई है। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम श्री हनुमान टेकरी परिसर, गुना में आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, योग संस्थानों के सदस्य, एनसीसी, एनएसएस, पुलिस विभाग, विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षार्थी, शासकीय सेवक, स्वयंसेवी संगठन, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्यों, नगरीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा अन्य गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी प्रतिभागियों की उपस्थिति प्रातः 6 बजे से पूर्व सुनिश्चित की जाएगी। इसके पश्चात अतिथियों का आगमन एवं उद्बोधन प्रातः 6 बजे से 6:30 बजे तक होगा। प्रातः 6:30 बजे से कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 6:45 बजे प्रधानमंत्री का उद्बोधन प्रसारित होगा तथा प्रातः 7 बजे से 7:45 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा डॉ. के.एस. गनावे, जिला आयुष अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा श्री एस.एस. राठौर, जिला शिक्षा अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनके दायित्वों के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस महत्वपूर्ण आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवन की दिशा में एक सकारात्मक कदम बढ़ाएं।
