गुना की पहचान शांति और सद्भाव से : कलेक्टर श्री कन्याल
जिला शांति समिति की बैठक संपन्न, आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर दिया गया जोर
गुना,
आगामी जून, जुलाई एवं अगस्त माह में आयोजित होने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा
बैठक के प्रारंभ में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन द्वारा आगामी महीनों में आयोजित होने वाले प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्वों की जानकारी देते हुए उनके शांतिपूर्ण आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
गुना की पहचान शांति और सद्भाव से : कलेक्टर
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि गुना शहर सदैव शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाने के लिए जाना जाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
डीजे उपयोग पर प्रशासन सख्त, नियमों का पालन अनिवार्य
बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन ने बताया कि डीजे का चलित एवं स्थैतिक उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, कवर्ड कैंपस अथवा मैरिज गार्डन के निर्धारित ध्वनि सीमा (डेसिबल) के अनुरूप डीजे का उपयोग किया जा सकेगा।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में सहभागिता का आह्वान
कलेक्टर श्री कन्याल ने 21 जून को श्री हनुमान टेकरी पर आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिकाधिक सहभागिता की अपील की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन सहित लगभग एक हजार नागरिकों की सहभागिता प्रस्तावित है।
हेलमेट को व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी
सड़क सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि गुना जिला दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में शामिल है तथा अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट नहीं पहनने के कारण लोगों की जान जाती है। उन्होंने यातायात पुलिस को बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि हेलमेट पहनने की आदत को जन-व्यवहार का हिस्सा बनाना है।
गुना कार्निवाल के माध्यम से संस्कृति को मिलेगा मंच
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि गुना कार्निवाल के अंतर्गत ऐसा कार्यक्रम आयोजित किया जाना चाहिए, जिसके माध्यम से जिले की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं एवं स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिल सके। इस संबंध में शीघ्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सुदृढ़
बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, फ्लैग मार्च, पेट्रोलिंग तथा सीसीटीवी एवं ड्रोन से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने एवं त्वरित प्रतिक्रिया दलों को सतर्क रखने पर जोर दिया गया।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके लिए मॉनिटरिंग टीम सक्रिय रहेगी तथा व्हाट्सएप, फेसबुक सहित अन्य माध्यमों से भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक एवं भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था
प्रमुख आयोजनों के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन मार्गों को सुचारु बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नागरिकों से सहयोग की अपील
बैठक के अंत में नागरिकों से शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने, किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने की अपील की गई। साथ ही विभागवार जिम्मेदारियां तय कर विशेष निगरानी दलों के गठन की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
