दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने जिले में 22 से 26 जून तक आयोजित होंगे शिविर
गुना
दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने एवं यूडीआईडी (UDID) कार्ड जारी करने के उद्देश्य से जिले में 22 जून से 26 जून 2026 तक का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों का परीक्षण कर प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। शिविरों का आयोजन जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर किया जाएगा, जहां स्वास्थ्य विभाग एवं सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से उपस्थित रहेंगे।
प्राप्त जानकारी अनुसार अनुसार 22 जून 2026 को जनपद पंचायत राघौगढ़ एवं नगर परिषद राघौगढ, 23 जून को जनपद पंचायत गुना एवं नगर पालिका परिषद गुना, 24 जून को जनपद पंचायत चांचौड़ा एवं नगर परिषद चांचौड़ा एवं नगर परषिद कुंभराज, 25 जून को जनपद पंचायत बमोरी तथा 26 जून 2026 को जनपद पंचायत आरोन एवं नगर परिषद आरोन में शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर प्रातः 10 बजे से पूर्ण होने तक संचालित रहेंगे।
शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों को समग्र आईडी, आधार कार्ड, आय प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा पूर्व में जारी दिव्यांगता संबंधी दस्तावेज साथ लाने होंगे। अधिकारियों ने पात्र दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर शिविर का लाभ लेने की अपील की है।
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि जिले का कोई भी पात्र दिव्यांगजन इस सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने सभी विभागों के समन्वय से शिविरों का सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
