Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर ने स्वास्थ्य प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना; जिले के लक्षित ब्लॉकों में 20 दिनों तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान

 कलेक्टर ने स्वास्थ्य प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना; जिले के लक्षित ब्लॉकों में 20 दिनों तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा आज जिला कलेक्‍ट्रेट परिसर से जन स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में संचालित 'स्वास्थ्य प्रचार रथ' को हरी झंडी दिखाकर लक्षित क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कन्याल ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस विशेष प्रचार रथ का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व सुदूर क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं तथा शासकीय योजनाओं के प्रति व्यापक जन-जागरूकता (अवेयरनेस) का प्रसार करना है। यह अभियान संपूर्ण मध्य प्रदेश के चयनित छह जिलों में संचालित किया जा रहा है, जिसमें सर्वप्रथम गुना जिले से इस अभियान का शुभारंभ किया जाना गौरव का विषय है। यह अभियान विशेष रूप से जिले के दो प्रमुख ब्लॉकों को केंद्र में रखकर संचालित किया जाएगा। इसमें गुना ग्रामीण (बमौरी क्षेत्र सहित) तथा चांचौड़ा का बीनागंज क्षेत्र विशेष रूप से शामिल हैं। स्वास्थ्य जागरूकता का यह सघन अभियान आगामी 20 दिनों तक निरंतर जारी रहेगा।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत ग्वालियर से आमंत्रित विशेषज्ञ कलाकारों की टीम द्वारा विभिन्न ग्रामों और चिन्हित स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों एवं सांस्कृतिक मंचन के माध्यम से स्वास्थ्य संदेशों का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा। गर्भवती महिलाओं (प्रेग्नेंट वुमन) के बेहतर स्वास्थ्य, प्रसव पूर्व देखभाल और पोषण के संबंध में विशेष परामर्श व जानकारी दी जाएगी।

कलेक्टर श्री कन्‍याल ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से हमारा प्रयास है कि गुना जिले की आम जनता, विशेषकर गर्भवती माताएं, नवयुवक और राह भटके बच्चे जो नशे की ओर अग्रसर हो रहे हैं, वे स्वास्थ्य के प्रति सचेत हों। सामूहिक प्रयासों से जिले के स्वास्थ्य सूचकांकों में गुणात्मक सुधार (इम्प्रूवमेंट) सुनिश्चित होगा।"

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.