हर शनिवार मनाया जाएगा मेगा अपार दिवस, 25 जून तक शत-प्रतिशत अपार आईडी बनाने के निर्देश
गुना
जिले के समस्त शासकीय/अशासकीय/मदरसा बोर्ड में अध्ययनरत कक्षा 01 से 12 तक के समस्त विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जाना है इसके लिए जिले में 1 जून से 30 जून तक समस्त विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार को मेगा अपार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। विकासखण्ड में चयनित स्थलों पर अपार आईडी बनाने हेतु कैम्प का आयोजन किया जायेगा एवं जिले के समस्त विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार मेगा अपार दिवस मनाये जाने हेतु समस्त शाला प्रभारी को निर्देश दिये गये। विद्यालय में अध्ययन करने वाले समस्त छात्र/छात्राऐं जिनके अपार आईडी बनना शेष है उन्हें विद्यालय में आमंत्रित करना है। साथ ही ग्राम चौपाल पर तथा आबासीय बस्तीयों में अपार आईडी बनाने हेतु प्रचार-प्रसार किया जायेगा। जिले में कोई भी छात्र अपार आईडी से वंचित न रहे इस हेतु समस्त शाला प्रभारी अपने आसपास बच्चों के पालक अभिभावकों को विद्यालयों में आयोजित होने वाली पालक शिक्षक संघ की बैठकों में एवं आवश्यकतानुसार शिविर लगाकर प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये गये हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश गोयल एवं जिला शिक्षा केन्द्र से एपीसी ईइण्डआर श्री सत्येन्द्र श्रीवास्तव द्वारा जिले के समस्त शाला प्रभारियों विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक, संकुल प्राचार्य, समस्त जनशिक्षकों को अपने क्षेत्र अंतर्गत आने वाले समस्त विद्यार्थियों की शत प्रतिशत अपार आईडी 25 जून तक बनाये जाने के निर्देश दिये गये है।
