Type Here to Get Search Results !

रेड क्रॉस मानवता की सबसे बड़ी मिसाल, गुना को मिली अत्याधुनिक 45 लाख की एम्बुलेंस : केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया

 रेड क्रॉस मानवता की सबसे बड़ी मिसाल, गुना को मिली अत्याधुनिक 45 लाख की एम्बुलेंस : केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया



गुना 


केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्व क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि रेड क्रॉस विश्वभर में मानवता और निस्वार्थ सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण है। गुना की स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में 45 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एम्बुलेंस रेड क्रॉस को उपलब्ध कराई गई है, जिसमें दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों के स्तर के चिकित्सा उपकरण लगाए गए हैं।


रेड क्रॉस की सेवा भावना अतुलनीय : केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया


केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को पवन श्री मांगलिक भवन में आयोजित "मानवता का सेतु, सेवा का संकल्प" रेड क्रॉस कार्यशाला में सहभागिता की। उन्होंने कहा रेड क्रॉस ऐसी संस्था है, जिसकी सेवा का विस्तार पूरे विश्व में है और यदि मानव सेवा का वास्तविक स्वरूप कहीं देखना हो तो रेड क्रॉस इसके सर्वोत्तम उदाहरणों में से एक है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस एक विशाल बरगद के वृक्ष की तरह है, जिसकी जड़ें जितनी गहरी होती हैं, उसकी शाखाएं उतनी ही व्यापक होती हैं। अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस वर्षों से सेवा और मानवता के मूल्यों के आधार पर समाज को नई दिशा दे रही है।


पर्दे के पीछे रहकर करती है समाज की सेवा


केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि जिस प्रकार किसी फिल्म की सफलता केवल कलाकारों पर नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे काम करने वाले तकनीशियनों, लाइटमैन और अन्य सहयोगियों पर भी निर्भर करती है, उसी प्रकार रेड क्रॉस भी बिना किसी प्रचार-प्रसार के समाज की सेवा में निरंतर समर्पित रहती है। उन्होंने कहा कि गुना जिले में रेड क्रॉस द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक हैं।


स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास


केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रेड क्रॉस को प्रदान की गई 45 लाख रुपये की अत्याधुनिक एम्बुलेंस में ऐसे आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जो बड़े महानगरों की उन्नत एम्बुलेंस में देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि गुना की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए वे लगातार कार्य कर रहे हैं तथा भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.