Type Here to Get Search Results !

अवैध शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 60 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त

 अवैध शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 60 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त



गुना, 


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग ने ग्राम मुहालपुर एवं निर्भयगढ़ में दबिश देकर 60 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की है।


जिला आबकारी अधिकारी श्री गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त गुना-1 के प्रभारी श्री राधाकिशन अटारिया के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान ग्राम मुहालपुर से 54 पन्नी पाउच तथा ग्राम निर्भयगढ़ से 67 पन्नी पाउच अवैध मदिरा बरामद की गई। कुल 121 पन्नी पाउच में भरी लगभग 60 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये बताई गई है।


कार्रवाई के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना पर निर्भयगढ़ क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इस दौरान एक व्यक्ति मदिरा छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान विनायकखेड़ी निवासी सरवन सहरिया के रूप में हुई है, जिसकी तलाश जारी है।


आबकारी विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 के तहत दो प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।


उक्त कार्रवाई में आबकारी प्रधान आरक्षक रामहेत सिंह कुशवाह, आरक्षक गोविंद सिंह मीणा, अरुण कुमार शर्मा, दिनेश कुमार राठौर, महिला आरक्षक पूजा रघुवंशी तथा होमगार्ड सैनिक महिपाल सिंह का विशेष योगदान रहा।


आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के कारोबार और जहरीली शराब के विरुद्ध जिले में अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.